हर किसी के जीवन का कोई एक परम उद्देश्य होता है| कहते हैं उद्देश्य विहीन जीवन जीने वाला मनुष्य मनुष्य नहीं बल्कि पशु होता है| इसलिए हर किसी को अपने जीवन का कोई न कोई परम उद्देश्य बनाना ही चाहिए| जीवन का उद्देश्य निश्चित करना महत्वपूर्ण है, मनुष्यत्व का प्रतीक है| परन्तु उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण होता है उस उद्देश्य की प्राप्ति| जो लोग लगन और परिश्रम से अपने परम उद्देश्य को प्राप्त कर लेते हैं| उनका परिवार, समाज और देश सदैव उन पर गर्व करता है| कानपुर शहर की श्रेया मेहरोत्रा ने ग्लोबल मिस एशिया-इण्डिया बनकर अपने जीवन के परम उद्देश्य को प्राप्त करते हुए देश और शहर का नाम पूरी एशिया में रोशन किया है| नयी दिल्ली में 28 जनवरी को ग्लोबल इण्डिया एन्टरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले आयोजित हुई इस कठिनतम प्रतियोगिता में श्रेया मेहरोत्रा ने 71 प्रतिभागियों को पराजित करके यह विशेष सम्मान प्राप्त किया है| अब वह सितम्बर माह में सिंगापुर में आयोजित होने वाली मिस्टर एण्ड मिस एशिया-इण्डिया – 2020 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी| शहर के इन्द्रानगर स्थित रतन आर्बिट में रहने वाली श्रेया मेहरोत्रा ने 12वीं तक की पढ़ाई कानपुर के हडर्ड स्कूल से पूरी करने के बाद पटना के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ फैशन डिजाइनिंग से टेक्सटाइल डिज़ाइनर की स्नातक उपाधि प्राप्त की है| वह इस समय बेंगलुरु की एक टेक्सटाइल कम्पनी में टेक्सटाइल डिज़ाइनर के पद पर कार्यरत हैं| श्रेया के माता-पिता डॉ.सपना मेहरोत्रा तथा डॉ.अनुराग मेहरोत्रा शहर के ख्यातिप्राप्त चिकित्सक हैं| आईआईएम के सचिव रह चुके डॉ.अनुराग मेहरोत्रा बाल रोग विशेषज्ञ| जबकि डॉ.सपना मेहरोत्रा स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं| बेटी की उपलब्धि पर माता-पिता को गर्व का अनुभव होना स्वाभाविक है| कानपुर शहर को भी श्रेया पर गर्व है| वह पूर्व में शहर की अनेक सौन्दर्य-प्रतियोगिताओं में विजेता बन चुकी हैं| श्रेया मेहरोत्रा ने पारस-प्रेम को दिये साक्षात्कार में बताया कि ग्लोबल मिस एशिया-इण्डिया एवार्ड प्राप्त करके उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई है| सिंगापुर की प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य देश और समाज की सेवा करना रहेगा|
दिल्ली से ग्लोबल मिस एशिया-इण्डिया का सम्मान लेकर शहर आयीं श्रेया मेहरोत्रा के लिए इन्द्रानगर में एक विशेष सम्मान-समारोह आयोजित किया गया था| जिसमें विधायक सुरेन्द्र मैथानी, स्नातक विधायक अरुण पाठक, पूर्व विधायक सलिल विश्नोई, आयकर आयुक्त एस.के. नेब, डॉ.ए.एस.प्रसाद, डॉ.नवतेज शर्मा, डॉ.संजीव मिश्र, पुष्पेन्द्र सिंह तोमर तथा मोहित पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे|