तब्लीगी जमात से आये लोगों की धरपकड़ तेज।
दो दिन में 75 लोगों को कराया आइसोलेट।
कानपुर। दिल्ली की निजामुद्दीन तब्लीगी जमात में शामिल कुछ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद देशभर में खलबली मची है। शहर की तमाम मस्जिदों में भी जमात ठहरी हुई हैं। इसकी जानकारी के बाद से प्रशासन की धड़कनें बढ़ गई हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार से लेकर बुधवार रात तक जमात से जुड़े और उनके संपर्क में आए 75 लोगों को आइसोलेट कराया है। इनमें से 31 लोगों के नमूने भी लिए गए हैं। सैंपल लेकर एक साथ 32 नमूने जांच के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) भेजे गए हैं।
निजामुद्दीन समर्थित मरकज की तब्लीगी जमात में शामिल होकर आए कुछ लोग सजेती थाना के बरीपाल गांव स्थित बड़ी मस्जिद में ठहरे हुए थे। बुधवार को इसकी जानकारी के मिलने के बाद पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को सूचना दी। रैपिड रेस्पांस टीम एंटी कोरोना एंबुलेंस लेकर गांव पहुंची और वहां पर ठहरे हुए 11 लोगों को एंबुलेंस से सीधे हैलट अस्पताल जांच के लिए भेजा। हालांकि यहां पर मिले सभी लोगों का कहना था कि वह तब्लीगी जमात से नहीं आए हैं, वह सभी ईदगाह दिल्ली जमात के हैं।फिलहाल सभी को हैलट के कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। सीओ रवि कुमार के मुताबिक ये सभी 24 फरवरी को दिल्ली से आए थे। घाटमपुर के कजियाना स्थित मस्जिद, कानपुर देहात की गजनेर स्थित तहसील वाली मस्जिद व सजेती की मस्जिद में ठहरने के बाद ये 24 मार्च को बरीपाल की बड़ी मस्जिद पहुंचे थे। 4 अप्रैल को इन्हें यहां से वापस जाना था। लेकिन लॉकडाउन हो जाने के कारण जा नहीं सके।
अनवरगंज की मस्जिद में मिले दस लोगअनवरगंज क्षेत्र की मस्जिद में ठहरे जमात के 10 लोगों को नारायणा मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट कराया है। यहां पर कुल 25 लोग आइसोलेट किए गए है। ये सभी बांदा के रहने वाले हैं। इनके जमात से लौटे लोगों के संपर्क में आने का अंदेशा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में 19 लोगों को आइसोलेट कराया है।
इनमें तीन लोग ग्वालटोली के रहने वाले हैं, जबकि एक शास्त्रीनगर का है। डिप्टी सीएमओ डॉ. सुबोध प्रकाश ने बताया कि बुधवार को 55 लोग आइसोलेट कराए गए हैं। इसके अलावा मंगलवार देर रात बाबूपुरवा क्षेत्र की मस्जिद से 11 लोगों को लाकर यहां भर्ती कराया गया था। इसी तरह उर्सला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में गोला घाट के नौ लोग भर्ती हैं। इनमें छह माह की बच्ची और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी 75 लोगों में जमात और उनके संपर्क में आने वाले लोग हैं।