पॉजिटिव केस बढ़े सभी केस हॉटस्पॉट से, संक्रमितों की संख्या 223
दिव्या मिश्रा
कानपुर। शहर में लगातार हाॅटस्पॉट इलाकों में नए कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। जीएसवीएम की कोविड लैब में 207 सैंपल लगाए गए थे जिसमें कर्नलगंज रेड जोन के 13 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। कर्नलगंज मोहल्ले में सात और इससे जुड़े बजरिया में छह की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई है।
इनमें पांच महिलाएं और बजरिया थाने का एक सिपाही है। कर्नलगंज क्षेत्र की महिलाओं में भी कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। अब शहर में कोरोना संक्रमित कुल लोगों की संख्या 223 हो गई है। शहर के पहले कोरोना पॉजीटिव रोगी की मौत 14 अप्रैल को कर्नलगंज में हुई थी। उसके बाद इस क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित किया गया था
उसके बाद से यहां संक्रमण की चेन लगातार लंबी होती चली रही है। कर्नलगंज रेड जोन का दायरा बढ़ता जा रहा है। यह दायरा अब कर्नलगंज से जुड़े बेकनगंज, बजरिया और चमनगंज तक हो गया है। बजरिया कर्नलगंज का ही एक हिस्सा है। इसको भी कोरोना ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
इसे मिलाकर क्षेत्र में कोरोना संक्रमित की संख्या दो दर्जन से अधिक हो गई है। इसके साथ ही यहां महिलाओं की भी संख्या बढ़ रही है। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि 13 रिपोर्ट पॉजीटिव आई हैं। उन्होंने बताया कि निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद 102 लोगों को क्वारंटीन हाउस में रखा गया था, उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
लेकिन उन्हें 14 दिन तक होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। इनमें कर्नलगंज के कोरोना संक्रमित कारोबारी जिनकी मौत हो चुकी है, उनके परिवार के 26 लोग भी हैं। वे नारायणा रिसर्च हॉस्पिटल में क्वारंटीन रहे हैं। कारोबारी के परिवार के दो लोग कोरोना पॉजीटिव आए थे, वे अभी अस्पताल में ही हैं। रिपोर्ट आने के बाद छोटे मियां के हाते और बजरिया से संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों को स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल ले गई।
नोडल अधिकारी ने कम्युनिटी किचन एवं जमातियोंं की अस्थाई जेल का निरीक्षण किया
भानु प्रताप सिंह
कानपुर। प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं नोडल अधिकारी कोविड-19 नितिन रमेश गोकर्ण तथा एडीजी जय नारायण सिंह ने इस्कॉन मंदिर में कम्युनिटी किचन तथा राधा स्वामी सत्संग किचन एवं विद्या भवन कॉलेज ऑफ फार्मेसी चौबेपुर में बनाए गए अस्थाई जेल का निरीक्षण किया।
उन्होंने सर्वप्रथम इस्कॉन मंदिर में जिला प्रशासन के सहयोग द्वारा संचालित कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया ,निरीक्षण के दौरान यहां पर पूड़ी और सब्जी तैयार की जा रही थी। उन्होंने खाद्य सामग्री में प्रयोग होने वाले मसाले, तेल सामग्री अन्य प्रयुक्त की जाने वाली सामग्री के संबंध में खाद्य अधिकारी एके सिंह से जानकारी प्राप्त की तथा कितने लोगों का भोजन तैयार किया जा रहा है के संबंध में भी जानकारी ली। बताया गया कि लगभग 5000 लोगों का भोजन को इस किचन से तैयार किया जाता हैl इसके उपरांत उन्होंने राधा स्वामी सत्संग में किचन का निरीक्षण किया यहां पर रोटी, सब्जी तैयार की जा रही थी। लगभग 600 लोगों का भोजन तैयार करने की व्यवस्था की गई है lउन्होंने किचन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें जाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने विद्या भवन कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी चौबेपुर मैं बनाए गए अस्थाई जेल का निरीक्षण किया जिसमें जमाती व अन्य लोगों को रखा गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि जमाती एवं उन लोगों को अलग-अलग रखा जाए। उन्होंने यहां पर पुलिस अधिकारियों से जानकारी करते हुए पीपी किट एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ ब्रह्मदेवराम तिवारी, डीआईजी/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनंत देव अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे l
खादी के हस्तनिर्मित मास्क सौपे जिलाधिकारी को
रचना यादव
वर्तमान में कोरोना एक वैश्विक महामारी के रूप में पूरे विश्व में तबाही मच आए हुए हैं अभी तक इसकी कोई दबाना आने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क ही बचाव का एकमात्रउपाय है कोरोना के कारण उत्पन्न दुष्कर व दुरूह परिस्थितियों से बचाव के क्रम में तरुण ग्राम्य विकास समिति के अध्यक्ष केके पांडे द्वारा परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी उप्र खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अभय त्रिपाठी के साथ संयुक्त रूप से हाथ से कते हुए हाथ से बने खादी हस्त निर्मित 500 फेस मास्क जिला अधिकारी ब्रह्मदेव तिवारी को जरूरतमंद व्यक्तियों को निशुल्क वितरण हेतु प्रदान किए। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापित कर संस्था के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में जनता से इस प्रकार के खादी फेस मास्क के साथ ही साथ कोई भी एक खादी व ग्रामोद्योग उत्पाद अपने दैनिक जीवन में प्रयोग करने की अपील भी की। इस अवसर पर मनोज कुमार शुक्ला ,जिला ग्रामोद्योग अधिकारी उप खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड कानपुर ,बीटीके पांडे ,प्रबंधक तरुण ग्राम विकास समिति ,कानपुर सर्वेश पांडे कोषाध्यक्ष ग्राम विकास समिति कानपुर आदि उपस्थित रहे।
आईआईटी का मास्क खत्म कर देगा कोरोना वायरस को
दिव्या मिश्रा
कानपुर। कोरोना वायरस को मारने वाला मास्क तैयार हो रहा है। आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिक और पूर्व छात्र मिलकर एक ऐसा एन-95 मास्क तैयार कर रहे हैं, जिसमें प्रवेश करते ही कोरोना वायरस मर जाएगा। इस मास्क को तैयार करने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (डीएसटी) ने फंड दिया है। वैज्ञानिकों का दावा है कि अगले दो माह में यह मास्क बाजार में उपलब्ध होगा। इसकी कीमत बहुत अधिक नहीं होगी। मास्क को सिट्रा (साउथ इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन, कोयंबटूर) की अप्रूवल मिलने के बाद बाजार में उतारा जाएगा।
कोविड-19 के इलाज, उससे सुरक्षित रखने को लेकर आईआईटी के वैज्ञानिक निरंतर नए-नए शोध कर रहे हैं। संस्थान के ही पूर्व छात्र डॉ. संदीप पाटिल ने एन-95 मास्क बनाया था, जिसका वर्तमान में अधिकांश डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ प्रयोग कर रहे हैं। यह मास्क कोविड-19 से बचाव कर रहा है। अब आईआईटी कानपुर के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. शिवाकुमार ने डॉ. संदीप के साथ मिलकर नया शोध शुरू किया था, जो अब पूरा हो गया है। इसमें संस्थान के कुछ केमिस्ट्री विभाग के प्रोफेसर भी शामिल हैं। डॉ. संदीप पाटिल ने बताया कि अब जो मास्क बनाया जा रहा है, यह पूरी तरह एंटी वायरल और एंटी बैक्टीरियल होगा। इसके लिए मास्क में नैनोफाइबर संग मेटल के नैनो पार्टिकल और एक विशेष कोटिंग का प्रयोग किया जा रहा है। इसके संपर्क में आते ही कोविड-19 जैसे सभी वायरस की मौत हो जाएगी। मास्क में चार लेयर लगी है। पहली लेयर कुअर्स फिल्टर, दूसरी लेयर माइक्रो फिल्टर, तीसरी लेयर नैनो फिल्टर और चौथी लेयर सुपर साफ्ट होगी। यह मास्क भी रीयूजेबल होगा। इस मास्क को लेकर डीएसटी ने खुद ट्वीट कर बधाई दी है। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी भविष्य की समस्याओं को लेकर इसे बड़ा उपयोगी बताया है।
बाक्स में-
ई-स्पिन का एन-95 मास्क यूएसए से है प्रमाणित
डॉ. संदीप पाटिल ने बताया कि अभी तक जो एन-95 मास्क कोविड-19 जैसे सभी वायरस से सुरक्षित रख रहा है, वह नेलसन लैब, यूएसए से प्रमाणित है। यह मास्क भी रीयूजेबल है।
पति ने पत्नि की गला घोंटकर की हत्या
एक साल पहले चौकी में किया था प्रेम विवाह
भानु प्रताप सिंह
कानपुर। बिठूर के टिक्कनपुरवा में युवक ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। डेढ़ साल पहले दोनों ने पुलिस चौकी में प्रेम-विवाह किया था।
उन्नाव के परियर निवासी पूजा मौर्या की शादी महाराजपुर के सुनील से हुई थी, लेकिन वह ससुराल में ज्यादा दिन नहीं रुकी। बिठूर के टिक्कनपुरवा निवासी प्रेमी महेंद्र मौर्या के लिए पति को छोड़कर मायके चली आई। मामला बीते वर्ष परियर चौकी पहुंचा तो परिजनों की सहमति पर महेंद्र और पूजा की चौकी में ही 22 फरवरी 2019 को शादी हुई। बिठूर में परिवार से अलग महेंद्र पत्नी और तीन माह के बेटे को लेकर रह रहा था। गुरुवार देर रात महेंद्र ने गला घोंटकर पूजा की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह उसने पड़ोसी और भाई नरेंद्र, धर्मेन्द्र के साथ ही मां कौशल्या को पत्नी के बीमार होने की जानकारी दी। घर को अस्त-व्यस्त देखकर परिवार के लोगों को संदेह हुआ तो पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस की सूचना पर मायके से पिता सोनेलाल पहुंचे। उन्होंने पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
बिठूर थाना प्रभारी ने बताया कि पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पूछताछ की जा रही है।